संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के गढ़ी बोलनी रोड पर मोहल्ला शक्ति नगर के मोड़ के निकट एक चालक ने ऑटो को लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मार दी। दुर्घटना में महिला की मौत हो गई। इस दौरान चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। माडल टाउन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में बिहार के जिला छपरा के गांव फाजिल निवासी भरतराम ने शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में परिवार के साथ शहर के मोहल्ला शक्ति नगर में रहते हैं। रंग-पेंट का काम करते है। रविवार की शाम को वह अपनी पत्नी सुमन व भतीजे उपेंद्र कुमार के साथ बाजार जा रहे थे। वह तीनों गढ़ी बोलनी रोड स्थित शक्ति नगर मोड़ पर खड़े हुए थे। इसी दौरान आंबेडकर चौक की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो चालक ने सड़क किनारे खड़ी उनकी पत्नी सुमन देवी को टक्कर मार दी। ऑटो की टक्कर लगने से सुमन सड़क पर जा गिरी और सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक ऑटो वहीं छोड़ कर भाग गया। सूचना के बाद माडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भरतराम ने घायल हुई सुमन देवी को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।