कोसली। क्षेत्र के गांव शादीपुर में एक नवविवाहिता ने फंदा लगाकर कर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के ताऊ की शिकायत पर सास, ससुर, मौसी सास व पड़ोसी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में चांदावास निवासी देवेंद्र ने बताया कि वह दो भाई हैं। उसके छोटे भाई जितेंद्र की लड़की हीना की शादी आठ साल पहले अजय पुत्र ईश्वर निवासी शादीपुर के साथ हुई थी। उसकी भतीजी को दो बच्चे हैं, जिनमें लड़का सात साल व लड़की तीन साल की है। उसकी भतीजी को शादी के बाद से ही ससुराल के लोग परेशान करते थे। एक सप्ताह पूर्व भी मृतका का भाई बलराम गांव के कुछ लोगों को साथ लेकर शादीपुर गया था और परिजनों को समझा कर आया था, लेकिन उनकी भतीजी ने परेशान होकर कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कोट
मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उसके ताऊ की शिकायत पर ससुरालियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- रामानंद रावत, थाना प्रभारी, रोहडाई