बावल रोड पर लगे बिजली के खंभे पर उलझे तार। संवाद
रेवाड़ी। शहर की गलियों और सड़कों पर बिजली के खंभों पर तारों का जाल फैला हुआ है। इसके अलावा कई जगहों पर ढीले तार लोगों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं। लेकिन बिजली निगम की नींद नहीं खुल रही है। शहर के भीड़ वाले इलाकों में गलियों और सड़कों पर बिजली के खंभों पर लटके हुए बिजली के खुले तार आमजन एवं राहगीरों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।
शहर के विभिन्न इलाकों की मुख्य सड़कों पर लगे खंभों पर कहीं स्ट्रीट लाइट्स के जंक्शन बाक्स के ढक्कन गायब हैं तो कहीं खुले पड़े हैं। जो बाॅक्स लगे हुए हैं वे भी जमीन से एक या दो फीट तक के ऊंचाई पर ही लगाए गए हैं। इनकी हालत देखकर ऐसा लगता है कि स्थापना के बाद से इनकी कभी भी मरम्मत नहीं की गई है। शहर के कई इलाके व सड़कें तो ऐसी भी हैं जहां पर खुले तार लटकते देखे जा सकते हैं और कई स्थानों पर तार के जोड़ भी खुले हैं। वर्षा के मौसम में बड़ी घटना का कारण बन सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले बिजली के तारों के कारण कोई भी दुर्घटना हो सकती है। संबंधित अधिकारियों को इस खतरे के बारे में पूरी तरह से जानकारी है लेकिन समस्या की अनदेखी की जा रही है।
जल्द ही निगम द्वारा सभी खंभों को चेक करवा कर समस्या को दूर किया जाएगा। जहां भी जर्जर एवं ढीले तार मिलते हैं तुरंत दुरुस्त करवा दिया जाएगा।
कुलदीप, एक्सईएन, बिजली निगम रेवाड़ी।