रेवाड़ी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रचार एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। डीसी अभिषेक मीणा ने अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि 20 जून तक चलाए जाने वाले विशेष प्रचार एवं जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विशेष रूप से कृषि विभाग तथा चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। जन कल्याण शिविर आयोजित कर आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा।