रेवाड़ी। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी का एक शिष्टमंडल शुक्रवार को डीडीपीओ नरेंद्र सागवान से मिला और ज्ञापन सौंपा। इसमें मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
यूनियन के प्रधान समय सिंह ने बताया कि भावांतर के पैसे 40 फीसदी किसानों के नहीं आए हैं। 70 फीसदी किसानों को बाजरे के पैसे नहीं मिले हैं। कपास बीमा के भी पैसे नहीं आए। पिछले महीने गेहूं की ओलावृष्टि से हुए नुकसान का भावांतर भी नहीं आया। चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो 5-6 दिन में रणनीति बनाकर अगले महीने की 5 तारीख को राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी को बुलाया जाएगा और यहां के भाजपा के निर्वाचित विधायक लक्ष्मण सिंह से भी मुलाकात की जाएगी। मांगें नहीं मानी गई तो बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी। शिष्ट मंडल में प्रधान समय सिंह, एससी सेल के प्रधान राजकुमार, बावल ब्लॉक से लोकेश, राजवीर सिंह गोकलपुर, शहरी प्रधान कृष्ण सैनी शामिल थे।