रेवाड़ी। शहर में तीन महीने पहले मिले युवक के शव के मामले में मधुबन से आई एफएसएल रिपोर्ट में पिटाई की वजह से मौत होने का खुलासा हुआ है। 23 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे शहर के भाड़ावास रोड पर डिवाइडर के पास 30 वर्षीय युवक अर्धनग्न हालत में बैठा था। पास में ही ऑफिस चलाने वाले अजीत यादव के मुताबिक युवक आसपास के घरों में पीने का पानी मांग रहा था। बदहवास हालत देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। उस समय युवक ने पीने के लिए पानी मांगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पीने का पानी दिया। कमर व शरीर पर चोट के निशान थे। वह कुछ बता नहीं पा रहा था। इसके बाद पुलिस की टीम उसे अपने साथ ले गई। अगले दिन 24 जुलाई की सुबह उसी युवक की लाश शहर के बाइपास स्थित सनसिटी के नजदीक लावारिस हालत में बरामद हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने डीएसपी से जांच कराई तो सेक्टर-3 चौकी पुलिस की तरफ से सफाई दी गई कि युवक को अस्पताल लेकर जाते वक्त वह गाड़ी से उतरकर भाग गया था। मामले में एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया था। इसके बाद युवक की शिनाख्त को लेकर प्रयास किए गए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। 72 घंटे बाद भी जब उसकी शिनाख्त नहीं हुई तो प्रशासन ने उसके शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विसरा रिपोर्ट मधुबन लैब भेजी गई। अब तीन महीने बाद विसरा रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत पिटाई की वजह से हुई थी। ऐसे में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
वर्जन
विसरा रिपोर्ट और मेडिकल बोर्ड द्वारा दी गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मर्डर का मामला दर्ज किया गया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। इसके बाद ही खुलासा हो पाएगा।
रजनीश कुमार, प्रभारी, सदर थाना