भिवाड़ी। खुशखेड़ा-करौली औद्योगिक क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्टरी विस्फोट मामले में विजिलेंस जांच शुरू कर दी है। विजिलेंस के एएसपी सुरेश जैफ और डीएसपी लक्ष्मीकांत शर्मा ने खुशखेड़ा थाने और एसपी कार्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम विंग से जुड़ी जानकारी ली। इसमें स्पेशल टीम विंग में तैनात पुलिसकर्मियों का पदस्थापन, स्थानांतरण और उनकी भूमिका का विवरण शामिल था। विजिलेंस टीम ने विंग प्रभारी मुकेश वर्मा और हेड कांस्टेबल योगेश शर्मा की ड्यूटी का रिकॉर्ड भी खंगाला। इसके अतिरिक्त सोसाइटी के कमरों व फ्लैट्स की भी जांच की गई। विजिलेंस टीम अब सभी संबंधित पुलिसकर्मियों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। विजिलेंस एसपी सुरेश जैफ ने बताया कि यह एक गोपनीय जांच है और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद ही रिपोर्ट तैयार होगी।