रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, महेंद्रगढ़ में हुए स्पंदन सांस्कृतिक समारोह में भाग लेकर विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति प्रोफेसर जेपी यादव ने सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कुलपति ने कहा कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यार्थी अपनी प्रतिभाओं का विकास करते हैं। ऐसी गतिविधियों के द्वारा विद्यार्थी जीवन को अधिक सार्थक बनाकर अपने परिवार एवं संस्थाओं के विकास के भागीदार बनते हैं।
निदेशक छात्र कल्याण डॉ. रविंद्र ने कुलपति प्रो. जेपी यादव का आभार व्यक्त किया एवं सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। छात्र कल्याण विभाग में कार्यरत सांस्कृतिक सलाहकार डॉ. आनंद शर्मा ने बताया कि हमारे विश्वविद्यालय के 29 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिनमें से 7 प्रतियोगिताओं में उन्होंने पुरस्कार अर्जित किए।
मिमिक्री प्रतियोगिता में मीना, नुक्कड़ नाटक में प्रतीक, रविंदर, गोविंद, रजत, गजानंद, केशव, नवीन लांबा, मुस्कान कुमारी, अंशुल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में मुस्कान कुमारी एवं प्रिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पाश्चात्य एकल गायन प्रतियोगिता में वर्षांक ने द्वितीय स्थान, अभिनय प्रतियोगिता में अंशुल, मनोज, गोविंद, पवन, मनीष व मुकुल की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
फोटोग्राफी में गजानंद एवं हरियाणवी समूह नृत्य में पूर्वी, अंजलि, भूमि, निर्मला, मोनिका, अंजना, निक्की, कोमल, मनीषा और ममता की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक दल का नेतृत्व डॉ. आनंद शर्मा एवं कुसुम लता ने किया। इस अवसर पर गैर-शिक्षक कर्मचारी मनजीत, उग्रसेन, कौशल सहित सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।