वाहन रैली में रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ व आसपास लगते राजस्थान के गांवों से बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं ट्रैक्टर, चार पहिया वाहन, मोटरसाइकिल और स्कूटी से पहुंचें। कुंड धरना स्थल पर सुबह 10 बजे तक सभी एकत्रित हो गए थे। एम्स संघर्ष समिति संस्थापक सदस्यों में से बुजुर्ग पृथ्वीपाल पूर्व पार्षद माजरा, रामकुमार दादा मनेठी, गिंदोरी देवी, तुलाराम मेहतावस ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। खोरी पाली, राजपुरा के बस स्टैंड पर यात्रा का स्वागत किया गया। समिति के सदस्यों का कहना है कि पूर्व सूचना के बाद जिला प्रशासन ने किसी भी प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन लेने के लिए नियुक्त नहीं किया। बिजली विभाग के अधिकारी को नियुक्त किया, जिसको ज्ञापन देने से इंकार कर दिया। इस दौरान सभी लोग धरना पर बैठ गए, फिर बावल एसडीएम को बुलाया गया। संघर्ष समिति ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि मांग पूरी नहीं हुई तो 10 दिसंबर को कुंड में महापंचायत बुलाकर निर्णायक फैसला लिया जाएगा। धरना लगातार जारी रहेगा।