संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे के मसानी पुल और बदहाल सर्विस लेन की ओर अधिकारियों की अनदेखी पर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए यूटिलिटी कोर्ट ने एनएचएआई और लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन को नोटिस जारी कर कोर्ट में पेश होने को कहा है।
हरियाणा रेडक्रॉस सोसाइटी सीएसआर सब कमेटी के सदस्य एडवोकेट सुनील भार्गव ने बताया कि पब्लिक यूटिलिटी कोर्ट के चेयरमैन जग भूषण गुप्ता की कोर्ट ने यह नोटिस जारी किया है। भार्गव ने बताया कि नेशनल हाईवे एनएच 48 से जो रास्ता मसानी होते हुए रेवाड़ी को आता है उसका पुल पूरी तरह खस्ताहाल हो चुका है और दोनों और झाड़ खड़े हुए हैं। इसके अलावा पुल के ऊपर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। आए दिन कोई न कोई हादसा हो रहा है। कई बार प्रशासन और हाईवे अथॉरिटी का इस ओर ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अभी तक किसी ने भी इसकी तरफ ध्यान नहीं दिया।
भार्गव ने बताया की एनएच 48 दिल्ली-जयपुर रोड पर चढ़ने के लिए जो सर्विस लाइन गढ़ी बोलनी रोड से जब दिल्ली की तरफ जाते हैं तो बड़े-बड़े गड्डे सर्विस लाइन पर हो रहे हैं। इसी को लेकर शिकायत पब्लिक यूटिलिटी कोर्ट में सुनील भार्गव, धर्मेंद्र सुहाग, रिया भार्गव एडवोकेट, ज्योति स्वामी, कुणाल राठी व यशपाल ने दायर की है। जिस पर अदालत ने नोटिस जारी कर 5 मई को अदालत में पेश होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा है।