रेवाड़ी। हरियाणा महिला और बाल विकास विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली बालिकाओं को राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। इसकी आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 30 नवंबर किया गया है। राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कुल 86 पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनमें से 11-11 हजार के 47 पुरस्कार और 39 पुरस्कार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए दिए जाएंगे। सराहनीय कार्य करने वाली बालिकाएं संबंधित जिले के महिला और बाल विकास विभाग कार्यालय में 30 नवंबर तक आवेदन जमा करा सकती हैं। डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि हरियाणा महिला और बाल विकास विभाग की ओर से राज्य स्तर पर आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रीय बालिका दिवस के सम्बन्ध में निर्देश जारी किए हैं। निर्देशानुसार बालिका की ओर से विभिन्न क्षेत्रों जैसे खेलकूद के क्षेत्र में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कोई स्थान प्राप्त किया हो, सांस्कृतिक गतिविधियों में राज्य, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कोई स्थान प्राप्त किया हो, समाज सेवा के कार्य में सराहनीय कार्य के लिए, मीडिया व साहित्य, खेल में सराहनीय कार्य करने वाली व बहादुरी के क्षेत्र में राज्य की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर नाम भेजा गया हो आदि को पुरस्कार दिया जाएगा। डीसी ने बताया कि इसके अतिरिक्त 60 प्रतिशत या उससे अधिक विशेष दिव्यांग बच्चों को जिन्हाेंने सराहनीय कार्य किया हो। उन्हें राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।