रेवाड़ी। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को केएलपी कॉलेज के सभागार में मोदी-20 पुस्तक का विमोचन करने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक व रक्षा की दृष्टि से मजबूत और सशक्त बना है। हमारे देश के प्रधानमंत्री मोदी की गिनती आज विश्व के प्रमुख नेताओं में होती है।
इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मदनलाल, सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव, भाजपा जिला प्रभारी संदीप जोशी, जिलाध्यक्ष हुकुमचंद यादव, पूर्व विधायक बिमला चौधरी, प्रदेश सह प्रवक्ता वंदना पोपली, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुनील मूसेपुर, नप चेयरपर्सन पूनम यादव विशेष रूप से शामिल हुए। इस कार्यक्रम में पहुंचने पर केएलपी कॉलेज के प्रधान अमित गुप्ता ने मुख्य अतिथि समेत सभी का स्वागत किया। मंच संचालन एडवोकेट कमल निंबल ने किया।
इस मंच से राव ने कहा कि आज इस मोदी-20 पुस्तक के हिंदी संस्करण का विमोचन हो रहा है। इसका अंग्रेजी संस्करण आज से कुछ माह पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकार्पित किया था। देश भर में आज हिंदी के साथ 17 प्रादेशिक भाषाओं में इस पुस्तक का विमोचन हो रहा है। यह पुस्तक ऐसे व्यक्ति पर आधारित है, जिन्होंने 20 साल से अधिक देश की सेवा की है। विश्व में पहले अमेरिका के राष्ट्रपति बिल क्लिंटन हैं, जो पहले गवर्नर रहे और बाद में अमेरिका के राष्ट्रपति बने। इसी प्रकार भारत में नरेंद्र मोदी पहले गुजरात के मुख्य मंत्री बने और बाद में देश के प्रधानमंत्री बने।
उधर पत्रकारों से सवालों के जवाब देते हुए राव ने कहा कि मैं एम्स के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के साथ-साथ गांव माजरा के लोगों का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिनके प्रयासों की वजह से यह परियोजना जल्द साकार रूप लेने जा रही है। राव ने जिला भाजपा कार्यालय में चल रही मोदी के जीवन व केंद्र सरकार के कार्यक्रम पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में अशोक मुदगिल, सुनील ग्रोवर, अजय पाटौदा, पार्षद भूपेन्द्र गुप्ता, अजय कांटीवाल, डा. सुभाष, कुलदीप यादव, मीडिया प्रभारी एडवोकेट नितेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।