रेवाड़ी। शिक्षा विभाग ने उल्लास परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। जिले से 6651 निरक्षरों ने परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में 6347 पास हुए हैं और 304 फेल हो गए हैं। इसके साथ ही 451 परीक्षार्थियों को 5 अंक की ग्रेस देकर पास किया गया है। वहीं, परीक्षा में फेल हुए 304 परीक्षार्थियों की परीक्षा मार्च माह में फिर से आयोजित होगी और सफल परीक्षार्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान से बुनियादी साक्षरता का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की सिफारिशों के अनुसार भारत सरकार ने 2022 से पांच साल की अवधि के लिए न्यू इंडिया लिटरेसी प्रोग्राम नामक उल्लास नामक केंद्र प्रायोजित योजना शुरू की थी। योजना का प्राथमिक उद्देश्य 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी को सशक्त बनाना है। जो किसी कारणवश शिक्षित नहीं हो सके उन्हें शिक्षित करने का अवसर दिया जाता है, जिसके तहत जिले से 14 हजार से अधिक ने उल्लास परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था। परीक्षा 22 सितंबर को जिले के 300 से अधिक स्कूलों में आयोजित की गई थी।
दोबारा से होगा सर्वे
शिक्षा विभाग परीक्षा में पास परीक्षार्थियों को कक्षा तीसरी का सिलेबस करवाएगा। इस दौरान इन्हें जोड़ना-घटाना, गुणा-भाग, पढ़ना आदि सिखाया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में दोबारा से सर्वे किया जाएगा। जो भी निरक्षर मिलेगा, उसे पढ़ाने के लिए स्वयं सेवी शिक्षक नियुक्त किया जाएगा। इन्हें पढ़ाने के लिए परिवार के सदस्य जो पांचवीं कक्षा से ज्यादा पढ़े हैं, उनकी जिम्मेदारी लगाई जाएगी।
खंडस्तर पर पास परीक्षार्थियों का आंकड़ा
खंडरजिस्ट्रेशनपास परीक्षार्थी
बावल17721509
जाटूसाना1027910
खोल12621121
नाहड़12401102
रेवाड़ी13501162
वर्जन:
शिक्षा विभाग की तरफ से उल्लास कार्यक्रम के तहत 6347 शिक्षार्थी पास हुए हैं। उन्हें अब तीसरी कक्षा का सिलेबस पढ़ाया जाएगा। साथ ही फेल हुए 304 शिक्षार्थियों की परीक्षा मार्च माह में फिर से आयोजित होगी।
-मनदीप कुमार, जिला उल्लास कोऑर्डिनेटर, रेवाड़ी।