रेवाड़ी। धारूहेड़ा के सेक्टर-छह के निकट एक तेज रफ्तार कैंटर चालक ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दूसरी ओर गांव मसानी के निकट रोडवेज बस की टक्कर से बाइक पर सवार युवक की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-छह के स्वामी दयानंद द्वार के निकट एक तेज रफ्तार कैंटर चालक ने पैदल जा रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने कैंटर चालक को मौके पर ही काबू कर और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी रविकांत ने बताया कि युवक ने सफेद रंग की कमीज पहनी हुई है। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल के मोर्चरी में भेज दिया। पुलिस ने जिला महेंद्रगढ़ के गांव नायन ढाणी चिम्मा निवासी उमेद की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही कैंटर भी जब्त कर लिया है।
दूसरी ओर पुलिस ने बताया कि राजस्थान के जिला अलवर के गांव काकर कुर्तीना निवासी विष्णुदत्त वर्तमान में भिवाड़ी के गांव खिजूरीवास में किराये का कमरा लेकर रहते थे। 16 जून को विष्णुदत्त अपनी बाइक से रेवाड़ी जा रहे थे। गांव मसानी के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही रोडवेज बस चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में विष्णु घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची धारूहेड़ा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मृतक के दोस्त कांकर कुर्तीना निवासी सतीश कुमार की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।