रेवाड़ी। जयसिंहपुर खेड़ा बाॅर्डर के पास राजस्थान के चौबारा गांव में डाक कांवड़ के साथ चल रही पिकअप गाड़ी पर चढ़े दो युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। इससे दोनों की मौत हो गई। सूचना के बाद शाहजहांपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतकों की पहचान गांव चौबारा निवासी करीब 18 वर्षीय यश व 20 वर्षीय बॉबी के रूप में हुई है। हादसा रविवार रात करीब 9 बजे हुआ। कावड़ को देखते हुए ग्रामीणों की सूचना पर बिजली निगम ने गांव की सप्लाई तो काट दी, लेकिन कृषि लाइन को चालू छोड़ दिया था, जिसकी वजह से यह हादसा हो गया।
ग्रामीणों ने बताया रविवार रात को चौबारा गांव के बाबा कुंदन दास मंदिर के पास से गांव के कुछ युवक एक डाक कांवड़ को लाने हरिद्वार जा रहे थे। कांवड़ियों के साथ पिकअप गाड़ी में डीजे लगाकर गांव से यात्रा निकाली जा रही थी। गांव में बिजली की लाइनें लटकी होने से ग्रामीणों ने बिजली निगम से सप्लाई कटवा दी थी, लेकिन कृषि लाइन चालू रह गई। इसी दौरान डीजे की सेटिंग करने के लिए गांव निवासी यश व बॉबी पिकअप पर चढ़ गए। चलती हुई गाड़ी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। करंट का झटका लगते ही दोनों पिकअप से गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बारिश के बीच करंट लगने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने युवकों को नीमराना की एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।