संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर थाना पुलिस ने एक सेवानिवृत्त लाइनमैन के बैग से 2 लाख रुपये चोरी करने के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान एमपी के जिला राजगढ़ के गांव कड़िया सासी निवासी कल्पना बाई व चांदनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 2 लाख रुपये बरामद कर लिया है।
बधराना निवासी सेवानिवृत्त लाइनमैन शमशेर ने बुधवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनका एसबीआई की मुख्य शाखा में खाता है। वह अपने भाई की बेटी की शादी के लिए बैंक से 2 लाख रुपये निकालने थे। रुपये को बैग में रख कर वह ऑटो रिक्शा पकड़ कर नाईवाली चौक पर आ गए। इसी दौरान चौक पर दो महिलाओं ने उसके साथ धक्का-मुक्की करते हुए बैग काटकर उससे नकदी व बैंक की पासबुक चोरी कर ली। पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कल्पना बाई और चांदनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 2 लाख रुपये और बैंक की पासबुक को भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।