रेवाड़ी। गांव बिठवाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के एक क्लास रूम में सीट को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद छात्रों के एक गुट ने दूसरे छात्र के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। छात्र पर रॉड से वार किए गए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। मॉडल टाउन थाने में पुलिस ने आरोपी छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव कमालपुर निवासी सचिन पास के ही गांव बिठवाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। दो दिन पहले उसके साथ पढ़ने वाले छात्रों के साथ उसकी कक्षा में सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद छात्रों ने सबक सिखाने की धमकी दी थी। बुधवार को सचिन अपने घर पर अकेला था। इसी दौरान 4 बाइक उसके घर के बाहर रुकी। उसके स्कूल में साथ पढ़ने वाले छात्रों के अलावा अन्य युवक साथ आया था। वे घर में घुस आए और सचिन पर रॉड व पंच से हमला कर दिया। सचिन के चीखने की आवाज सुनकर उसके चाचा मनोज व उत्तम बचाने के लिए दौड़े।
उन्हें देखकर आरोपी मौके से बाइक लेकर भाग गए। इस दौरान पीछा करके एक आरोपी को उसके चाचा ने पकड़ लिया। इसके बाद वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मॉडल टाउन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मॉडल टाउन थाना प्रभारी रणसिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।