रेवाड़ी। प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-18 में दो दिवसीय 15वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भीम अवॉर्डी व 2004 एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता सतबीर सिंह जो वर्तमान में हिसार में खेल उपनिदेशक के पद पर कार्यरत हैं वह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय पैराएथलीट व 2023 एशियाई पैरा गेम्स की रजत पदक विजेता पूजा यादव ने शिरकत की। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए जीवन को काटने की नहीं बल्कि जीने की सलाह दी। कहा कि हारना कुछ नहीं होता केवल दो ही चीज होती हैं जीतना व सीखना। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. ज्योति यादव ने की। प्राचार्या ने अतिथियों की उपलब्धियां का जिक्र करते हुए बताया कि जिस प्रकार ग्रामीण अंचल से आए सतवीर सिंह ने ऊंचाइयों को छुआ है वह प्रेरणादायक है। उन्होंने पैरा एथलीट पूजा यादव के संघर्षपूर्ण जीवन का वर्णन करते हुए छात्राओं को प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। मंच संचालन पंकज कालरा व डॉ. सुनीता यादव ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. प्रीति की नेतृत्व में एनसीसी, डॉ. स्वाति व डॉ. अनीता के नेतृत्व में एनएसएस तथा डॉ. सुनीता के नेतृत्व में यूथ रेडक्रॉस वॉलंटियर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. कविता सैनी, डॉ. धीरज यादव, नरेंद्र सिंह, डॉ. हरीश शर्मा सुनील कुमार, डॉ. रितु चौधरी, डॉ. सुचेता, डॉ. जय, डॉ. सुनील कुमार आदि ने विभिन्न प्रभार संभाले।
यह प्रतियोगिताएं हुई आयोजित
खेल प्रभारी व शारीरिक शिक्षा विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि इस दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के पहले दिन 200 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़ की हीट्स, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट थ्रो, लॉन्ग जंप, हाई जंप गतिविधियां करवाई गई तथा दूसरे दिन 800 मीटर दौड़, 4 x 100 मीटर रिले रेस, जैवलिन थ्रो 3 लेग रेस, लेमन रेस, फैंसी ड्रेस तथा 100 मीटर फाइनल दौड़ का आयोजन किया गया। विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।