रेवाड़ी। पुलिस ने आईजीएल कंपनी का लिंक भेजकर साइबर ठगी करने के मामले में एमपी के जिला इंदौर के निरंजनपुर नई बस्ती निवासी कौशल व मंथन मौर्य को गिरफ्तार किया है। 6 जनवरी को सज्जन कॉलोनी निवासी संजय कुमार ने शिकायत में बताया था कि उसके पास 4 जनवरी को आईजीएल कंपनी के नाम से लिंक आया था। जब उसने इस लिंक पर क्लिक किया तो उसका मोबाइल फोन हैक कर लिया गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से तीन ट्रांजेक्शन के जरिए 2 लाख 3 हजार 518 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कौशल के बैंक खाते में ठगी के 99 हजार 500 रुपये ट्रांसफर हुए थे जबकि आरोपी मंथन मौर्य ने साइबर ठगों को उसका खाता मुहैया कराने में मध्यस्थ की भूमिका अदा की थी। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।