रेवाड़ी। हरियाणा नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने दो युवकों को हेरोइन के साथ काबू किया है। दोनों के कब्जे से हेरोइन के पाउच के अलावा 16 हजार से ज्यादा की ड्रग बरामद हुई है। दोनों के खिलाफ मॉडल टाउन थाना में केस दर्ज कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सब इंस्पेक्टर बलवंत सिंह की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के विजय नगर निवासी हिमांशु उर्फ लाला व राहुल उर्फ लंबू दोनों हेरोइन व गांजा बेचने का काम करते हैं। साथ ही वह कालाका रोड पर किसी को नशे की आपूर्ति देने के लिए पहुंचने वाले हैं। इस पर टीम कालाका रोड पर एक ट्रैक्टर एजेंसी के पास पहुंच गई। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए हिमांशु और राहुल ने पुलिस टीम को देख भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने कुछ दूर आगे दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सूचना के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ इंद्रजीत भी मौके पर पहुंच गए और उनकी मौजूदगी में दोनों युवकों की तलाशी ली गई। इस दौरान हिमांशु की जेब से माचिस निकली, जिसमें 6 पाउच मिले। इनमें 88 ग्राम हेरोइन थी। जबकि राहुल की तलाशी लेने पर उसकी जेब से 16 हजार 50 रुपये मिले। संवाद