फोटो : 10रेवाड़ी। पकड़े गए आरोपी नक्षत्र उर्फ नक्षु व अमित। स्रोत : पीआरओ
कोसली। गांव खुशपुरा में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान मोहल्ला कुतुबपुर रेवाड़ी निवासी नक्षत्र उर्फ नक्षु और गांव मसानी निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने 1 अवैध देशी पिस्टल और 1 रोंद बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने बताया की 25 जुलाई को गांव खुशपुरा निवासी विपुल ने शिकायत में बताया था कि 24 जुलाई को नक्षु नाम के एक युवक ने उसे व्हाट्सएप कॉल कर ऑनलाइन गेम खेलने के बदले में पैसे देने की बात कही थी। वीरवार को अपने दोस्त अंकित के साथ गांव के बस स्टैंड पर खड़ा था।
इसी दौरान कार से आए दो युवकों ने पहले उनसे नाम पूछा और फिर जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों को आते देख बदमाश खेतों की तरफ भाग गए। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों के खिलाफ थाना जाटूसाना में मामला दर्ज करके मामले में दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों के खिलाफ अन्य मामले हैं दर्ज:
आरोपी नक्षत्र उर्फ नक्षु के खिलाफ पहले भी थाना रामपुरा व शहर रेवाड़ी में आर्म्स एक्ट व हत्या के प्रयास के 3 मामले दर्ज है। आरोपी अमित के खिलाफ थाना जाटूसाना, बावल व रामपुरा में आर्म्स एक्ट, मारपीट, हत्या के प्रयास व हत्या के 6 मामले दर्ज हैं।