रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन कार की रेटिंग का लालच देकर 29.11 लाख की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बेंगलुरू के ओम शक्ति नियाला चिका ओडीगोडी निवासी राघवेंद्र और बेंगलुरू की एनआरजी रेसीडेंसी इलेक्ट्रॉनिक सिटी निवासी अरुण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 हजार रुपये और एक मोबाइल भी बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि 20 जुलाई को सेक्टर-4 रेवाड़ी निवासी राहुल यादव ने अपनी शिकायत में बताया था कि 10 जुलाई 2024 को उसके पास टेलीग्राम के जरिए एक मैसेज आया। मैसेज में कार 24 नामक बेवसाइट के लिए काम करने के लिए जानकारी दी हुई थी। उन्होंने बताया कि वे लोग कार 24 के लिए काम करते हैं और कारों की रेटिंग देने पर कमीशन दिया जाता है। काम शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये जमा करने के लिए कहा गया।
उसने गूगल पे के जरिए 10 हजार रुपये आरोपियों द्वारा दिए गए बैंक खाते में जमा कर दिए। इसके बाद उसको 18 हजार रुपये वापस कमीशन दिया गया। यह कमीशन राहुल ने अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। राहुल ने 11 जुलाई को फिर से 10 हजार रुपये जमा कर दिए। आरोपियों ने उसको ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर उससे 50 हजार रुपये जमा करवाए। इसके बाद उसने कार की रेटिंग करनी शुरू कर दी।
इस तरह लिया झांसे में
राहुल को बताया गया कि उसने एक पैकेज जीता है, जिसमें 9 गुना ज्यादा कमीशन मिलेगा। आरोपी राहुल को ज्यादा मुनाफा देने का लालच देकर उससे पैसे जमा कराते रहे। लाखों रुपये जमा करने के बाद आरोपियों ने राहुल को बताया कि उसने कमीशन के 47 लाख रुपये जीते हैं, रुपये निकालने के लिए आधी सिक्योरिटी राशि 23 लाख 50 हजार जमा करने होंगे। राहुल यादव ने बताया कि इस प्रकार आरोपियों ने धोखाधड़ी करके उससे 29 लाख 11 हजार 633 रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रेवाड़ी। आरोपी, अरुण