संवाद न्यूज एजेंसी
कुंड। पाली रेल फाटक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रक को रेलवे फाटक पर दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक फरार हो गया, जबकि दूसरा ट्रक फाटक के बीच ही बंद हो गया। रेल यातायात बाधित होने की आशंका से लोगों ने धक्के देकर ट्रक को फाटक से हटाया। काफी देर तक फाटक पर जाम लगा रहा। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज करने के बाद ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार फरीदाबाद के पाली निवासी ट्रक चालक अपना ट्रक नारनौल से फरीदाबाद ले जा रहा था। पाली रेलवे फाटक पर रेवाड़ी की ओर से जा रहे एक ट्रक ने उसके ट्रक को टक्कर मार दी। ट्रक क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें इलेक्ट्रिक फॉल्ट आ गया, जिससे ट्रक फाटक के बीच में ही बंद हो गया। इससे रेल यातायात बाधित होने के साथ ही नारनौल-रेवाड़ी सड़क मार्ग पर भी जाम लग गया। गेटमैन ने बताया कि मालगाड़ी आने का समय हो रहा है, जिससे रेल आवागमन बाधित हो सकता है। ट्रक चालक ने आसपास के लोगों व वाहन चालकों की मदद से ट्रक को धक्के मारकर फाटक से हटवाया। काफी देर तक सड़क यातायात बाधित रहने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। टक्कर मारने के बाद दूसरा चालक फरार हो गया। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज करने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी।