कार्यशाला में भाग लेते सीवर सफाई कर्मचारी। संवाद
रेवाड़ी। शहर के एक निजी होटल में शनिवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से एक दिवसीय सीवरमैन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ पूर्व नगर पार्षद अमृतकला टिकानिया ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से इस कार्यशाला के आयोजन का मुख्य उद्देश्य सीवर की सफाई से जुड़े कर्मचारियों व अधिकारियों को बरती जाने वाली सावधानियां व आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग के बारे में जागरूक करना है। इस दौरान स्वच्छता अभियान की जिला ब्रांड एंबेसडर प्रियंका यादव ने कहा कि सरकार सीवर की सफाई में अधिकतर आधुनिक मशीनों का प्रयोग कर रही है। अगर किसी विशेष परिस्थिति में सीवर मैनहोल के अंदर जाकर सफाई करनी पड़े तो उस अवस्था में पूरे सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग कर सीवर सफाई कर्मचारियों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। कार्यशाला में प्रशिक्षक गौरव ने कर्मचारियों को देश में सीवरमैन कर्मचारियों के साथ घटित हुए दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए सुरक्षा उपकरणों को पहनकर कार्य करने की उपयोगिता बताई। उन्होंने सावधानी के तौर पर जो-जो चीजें प्रयोग में रखनी है उनके बारे में भी जानकारी प्रदान की। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के एसई राजीव दून ने कहा कि कार्य को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए जागरूकता के लिए इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। विभाग की ओर से सुरक्षा उपकरणों के ऑर्डर दिये जा चुके हैं। कार्य को व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। इस मौके पर समाजसेवी राकेश भार्गव, विभाग के एक्सईएन विनय चौहान, एसडीओ गजराज सिंह, भागीराम, अजय यादव, पूर्व एसडीओ महेन्द्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।