हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा निदेशालय, सेकेंडरी शिक्षा हरियाणा के निर्देशानुसार हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-1, 2 व 3 का आयोजन 12 व 13 नवंबर को करवाया जा रहा है। परीक्षा से संबंधित सूचना बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया कि एचटेट के लिए वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 सितंबर (रात्रि 12:00 बजे) तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा हेतु अभ्यर्थी यदि एक लेवल के लिए आवेदन करता है तो उसे 1000 रुपये, दो लेवलों के लिए आवेदन करता है तो 1800 रुपये व तीनों लेवलों के लिए आवेदन करता है तो 2400 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसी प्रकार प्रदेश के अनुसूचित जाति व विकलांग अभ्यर्थी यदि एक लेवल के लिए आवेदन करता है तो उसे 500 रुपये, दो लेवलों के लिए आवेदन करता है तो 900 रुपये व तीनों लेवलों के लिए आवेदन करता है तो 1200 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा।