रेवाड़ी। एंटी व्हीकल थैफ्ट पुलिस ने ट्रांसपोर्ट मालिक के साथ मिलकर बुक कराई गई कारों को बुकिंग वाले स्थानों पर न भेजकर उसे खुद प्रयोग करके धोखाधड़ी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शहर के मोहल्ला गुर्जरवाड़ा निवासी कपिल, मोहल्ला मुक्तिवाड़ा निवासी विक्रम व मोहल्ला गुर्जरवाड़ा हाल गांव धामलाका निवासी कर्ण उर्फ करनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 कारें बरामद की हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि मूलरूप से जिला चरखी दादरी के गांव पैतांवास कलां एवं हाल रेवाड़ी निवासी अरुण कुमार ने गुरुग्राम में बालाजी ट्रासको मूवर्स के नाम से ट्रांसपोर्ट ऑफिस खोला हुआ है। जो अपने ट्रांसपोर्ट से गाड़ी मालिक की कारों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाने के लिए बुकिंग करते हैं। यह कार को बुकिंग वाले स्थानों पर न पहुंचाकर अपने साथी कपिल निवासी गुर्जरवाडा थाना शहर रेवाड़ी के साथ खुद प्रयोग करके धोखाधड़ी करता है। अरुण कुमार व कपिल ने रेवाड़ी के अंदर काफी गाड़ियां धोखाधड़ी से लाकर उनको बेच देते हैं। कपिल के पास अरुण की दी एक कर्नाटक नंबर और दिल्ली नंबर की दो कारे हैं, जिनको तय स्थान पर पहुंचाने की बजाय खुद प्रयोग कर रहे हैं। कपिल अभी बावल से रेवाड़ी की तरफ आ रहा है। सूचना के बाद एंटी व्हीकल थैफ्ट पुलिस ने गांव कमालपुर बिठवाना रेवाड़ी बाईपास पुल के नीचे पहुंच कर नाकाबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान आई एक टियागो कार के चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने वापस भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कपिल मोहल्ला गुजर्रवाड़ा बताया। आरोपी ने बताया कि यह गाड़ी उसे अरुण ने दी है, जिसका ट्रांसपोर्ट का ऑफिस गुरुग्राम में है। जो गाड़ियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजने के लिए पहले ही पैसे ले लेता है। लेकिन उनको वहां भेजने की बजाय उसके पास भेज देता है। यह कार भी मोहाली से बंगलोर भेजी जानी थी, लेकिन तीन माह से उसी के पास है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इसके अलावा उसके पास एक वैगन आर कार भी है। दो गाड़ी उसने मोहल्ला मुक्तिवाडा निवासी विक्रम व मोहल्ला गुर्जरवाड़ा हाल गांव धामलाका निवासी कर्ण उर्फ करनी को दे रखी है। जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना माॅडल टाउन रेवाड़ी में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।