धारूहेड़ा। पुलिस ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मालपुरा के निकट एक युवक से चाकू के बल पर मोबाइल व नकदी लूटने के मामले में तीन आरोपियों को 48 घंटों के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान यूपी के जिला मेरठ के गांव गेसुपुर हाल आबाद धारूहेड़ा निवासी पंकज, निशु कुमार व विक्रांत उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस ने लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
पुलिस ने बताया की 4 मई को यूपी के जिला उन्नाव के गांव देवरखेडा बल्लापुर हाल आबाद गांव जौनियावास निवासी सोनू कुमार ने अपनी शिकायत में बताया था कि 2 मई की रात को वह गुरुग्राम से जौनियावास बस से आया था। मालपुरा पेट्रोल पंप पर पानी पीकर दिल्ली-जयपुर हाईवे के साथ सर्विस रोड से पैदल जौनियावास की ओर जा रहा था। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। फिर चाकू दिखाकर मोबाइल, 4300 रुपये लूट कर बाइक से भाग गए। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन का रिमांड लिया है।