संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। कोसली थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के कोटकासिम निवासी अंकित, जिला झज्जर के खुड्डन निवासी सुमित और सरोला निवासी गोविंद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से चार बाइक भी बरामद की हैं। थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि नाहड़ निवासी जोगेंद्र ने शिकायत में बताया था कि उसने अपनी बाइक 16 मार्च को कोसली के पुराने बस स्टैंड परिसर में खड़ी की थी। इसके बाद वह रेवाड़ी चला गया था। शाम को वापस कोसली पहुंचने पर उसकी बाइक नहीं मिली। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करने के बाद बाइक चोर की तलाश शुरू की थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस को संदिग्ध अवस्था में घूमते मिले राजस्थान के कोटकासिम निवासी अंकित को पकड़ कर पूछताछ की तो उसके पास चोरी की बाइक मिली। इसके बाद पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथ जिला झज्जर के गांव खुड्डन निवासी सुमित और सरोला निवासी गोविंद भी है। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार करके पूछताछ की तो उनसे चार बाइक बरामद की। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।