रेवाड़ी। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने बाइक छीनकर ले जाने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव नांधा निवासी पंकज, गांव माजरा-भालखी निवासी दीपक कुमार व महेंद्रगढ़ जिले के गांव खारीवाडा निवासी हेमराज सिंह के रूप में हुई है। झज्जर के मदाना खुर्द निवासी मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जलियावास गांव में किराए पर रहता है। अपने दोस्त विक्की की बाइक लेकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान बाईपास पर सिटी मॉल के सामने पीछे से एक बाइक पर आए तीन युवकों ने आगे निकलकर उसे रुकने का इशारा किया। जब उसने बाइक रोकी तो बाइक से उतरकर आए दो युवक उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीनी गई बाइक बरामद कर ली है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। संवाद