फोटो : 31नई अनाज मंडी के बाहर लगी ट्रैक्टर की कतार। संवाद
रेवाड़ी। अनाज मंडियों में शुक्रवार को बाजरा की बिक्री का अंतिम दिन था। इस दौरान किसानों में अपनी उपज बेचने की होड़ दिखाई दी। सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में बाजरा भरकर मंडी पहुंचे। पूरे दिन मंडी परिसर में किसानों और ट्रॉलियों की लंबी कतारें लगी रहीं जिससे आवाजाही बाधित रही और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अंतिम दिन की वजह से सभी ने एक साथ फसल लाने का निर्णय लिया जिसके कारण भीड़ बढ़ गई। मंडी में जगह की कमी और लोडिंग-अनलोडिंग की धीमी प्रक्रिया से कई किसानों को देर रात तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मंडी में ट्रैक्टरों की कतार लग गईं। इससे यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन और मंडी कर्मियों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी लगाए और ट्रॉली प्रवेश को चरणबद्ध तरीके से नियंत्रित किया। भीड़ अधिक होने की वजह से पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला।