संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। औद्योगिक कस्बे के मुख्य बाजार में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। पार्किंग न होने से बाजार आने वाले लोग जहां तहां वाहन खड़ा करते हैं। वाहनों को बेतरतीब खड़ा करने से जाम लग जाता है।
धारुहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। यहां का विकास होने के साथ ही वाहनों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वहीं फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा हो गया है। अतिक्रमण के चलते बाजार में वाहन खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिलती है। लोग सड़क की पटरियों पर वाहन खड़ा कर देते हैं। इसके अलावा अतिक्रमण होता है जिसकी वजह से जाम लग जाता है। धारूहेड़ा मार्केट के मुख्य द्वार बस स्टैंड से भगतसिंह चौक भगतसिंह चौक से बिजली बोर्ड, भगतसिंह चौक से सोहना रोड हनुमान मंदिर और मुख्य बाजार के व्यस्त बाजार, अस्पताल मार्ग, सर्कुलर रोड वाहनों की कतार नजर आती है।
कस्बे में दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा है। दुकान के सामने लोग अपना वाहन खड़ा करते हैं। इससे सड़क और सिकुड़ जाती है। ऐसे में दूसरे वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कत होती है।
कोसली में नहीं है पार्किंग, बावल में शुरू करना बाकी
बावल में पार्किंग व्यवस्था व्यवस्था तो बनाई जा रही है लेकिन अभी तक शुरू नहीं की गई है। मौजूदा समय में बावल के बाजार में भी स्थिति ठीक नहीं है। वहां पर भी लोग काफी परेशान हैं। कोसली में पार्किंग नहीं है। यहां पर स्थित ज्यादा खराब है। लोगों ने पार्किंग व्यवस्था बनाने की मांग की है।
वर्जन:
नगर पालिका के पास पार्किंग बनाने के लिए जमीन नहीं है। इसके कारण नगर पालिका पार्किंग बनाने में असमर्थ है।-कंवर सिंह, चेयरमैन, धारूहेड़ा नगर पालिका।
पार्किंग की व्यवस्था ने होने से काफी परेशानी होती है। कई बार जाम लग जाता है जिससे लोगों को परेशानी होती है। इसका समाधान होना जरूरी है।-रंजीत पांडेय, सेक्टर छह धारूहेड़ा।
पार्किंग न होने से कई बार वाहन भी चोरी हो जाते हैं। ऐसे में पार्किंग व्यवस्था होगी तो वाहन चोरी नहीं होंगे और सुरक्षित रहेंगे। -एवरन सिंह, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, धारूहेड़ा।