रेवाड़ी। नगर परिषद की ओर से अब शहर के पार्कों की दशा सुधारने के लिए निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान साफ सफाई, मरम्मत जैसे अन्य कार्यों की जानकारी जुटाई जाएगी। पार्कों में यह देखा जाएगा कि वहां पर किन सुविधाओं की अभी भी कमी है, ताकि जल्द से जल्द इसका समाधान करवाया जा सके। इसके लिए नगर परिषद की तरफ से एक टीम पार्कों में भेजी जाएगी और रिपोर्ट तैयार कर मामले में आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
शहर में छोटे बड़े मिलाकर करीब 50 पार्क हैं। दरअसल, पार्कों की दशा खराब होने की वजह से लगातार नगर परिषद की किरकिरी हो रही है। लोगों ने भी इसे लेकर नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पार्कों का मामला तब जाकर सबसे ज्यादा उछला जब नवनिर्वाचित रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव कुछ दिनों पहले सुबह के समय राव तुलाराम पार्क में सैर करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों से भी बातचीत की थी और पार्क की दुर्दशा का जायजा लिया था। तब लक्ष्मण सिंह ने नगर परिषद के अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। दोपहर बाद एडीसी अनुपमा अंजलि ने भी नगर परिषद के अधिकारियों को फटकार लगाई थी। अब नगर परिषद की एक टीम शहर के पार्कों का जायजा लेगी।
संस्थाओं को दी जाती है पार्कों की जिम्मेदारी
हैरानी वाली बात यह है कि पार्कों की जिम्मेदारी एसोसिएशन व कई सामाजिक संगठनों को दी गई है, ताकि देखरेख की जा सके। मगर जिस तरह से पार्कों की दशा बिगड़ी हुई है ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोई भी कार्य नहीं हो पा रहा है। नगर परिषद के अधिकारी संस्थानों पर पार्कों की दशा खराब होने का ठीकरा फोड़ते हैं तो संस्थाएं नगर परिषद की तरफ से समय पर पेमेंट व अन्य सुविधाएं ना देने की बात कहते हैं। पिछले दिनों भी पेमेंट ना मिलने के कई मामले सामने आए थे।
दिव्य नगर योजना.. पार्कों का विकास 5 करोड़ से होगा
दिव्य नगर योजना के तहत शहर के पार्कों का विकास 5 करोड़ की लागत से होगा। दिव्य नगर योजना अभी तक लागू नहीं हो पाई है। इसके लिए कागजी प्रक्रिया जारी है। अगर यह योजना लागू होगी तो बड़े पैमाने पर शहर के पार्कों का विकास हो सकता है।
अभी पार्कों की बुरी है दशा
देखरेख के अभाव में शहर के पार्कों की दशा खराब है। नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। झूले और ओपन जिम के उपकरण भी टूटे हैं। ऐसे में इन पार्कों में टहलना तो दूर कुछ समय बैठना भी मुश्किल होता है। मौजूदा समय में शहर से पार्कों की बिगड़ी दशा ही सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है। लोग पार्कों की दशा सुधारने के लिए लगातार मांग करते रहे हैं, मगर हालात कभी भी ठीक नहीं हुए हैं। शहर में स्थित राव तुलाराम पार्क, नेहरू पार्क, सुभाष चंद्र बोस पार्क, रेजांगला पार्क व ब्रास मार्केट, वीर सावरकर पार्क सहित सेक्टरों के पार्कों की स्थिति काफी दयनीय है। पार्कों की नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। पार्कों में रखे डस्टबिनों का कचरा भी नहीं फेंका जाता है।
वर्जन:
शहर के पार्कों की दशा सुधारने के लिए नगर परिषद की टीम निरीक्षण करेगी और पार्कों में कमियों का पता लगाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। लोगों को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी