रेवाड़ी। गांव आकेड़ा में स्थित जोहड़। स्रोत : ग्रामीण
धारूहेड़ा। गांव आकेड़ा के ग्रामीण पिछले एक साल से गंदे पानी के जोहड़ की वजह से परेशानी झेल रहे हैं। गंदा पानी आसपास की कृषि भूमि में फैल रहा है, जिससे खेतों की उर्वरता पर गंभीर असर पड़ सकता है। फसलों का उत्पादन घट रहा है और मिट्टी की गुणवत्ता भी खराब हो रही है।
किसान नितेश ने बताया प्रदूषित जोहड़ की सफाई और जल निकासी नहीं हुई तो लोगाें का जीना दूभर हो जाएगा। इतना ही नहीं जोहड़ में जमा गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे मलेरिया, डेंगू और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। इसके अलावा, तालाब से उठने वाली दुर्गंध और प्रदूषण के कारण ग्रामीणों का सामान्य जीवन भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है। गांव आकेड़ा के सरपंच अशोक ने बताया कि जोहड़ के ओवरफ्लो होने की समस्या बार-बार बन रही है। पंचायत विभाग व प्रशासन को कई बार अवगत कराए जाने के बाद भी अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया है।