राजगढ़। बिजली चोरी की शिकायत पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे गांव धारण पहुंची टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि असिस्टेंट लाइनमैन को घर में बंधक बनाकर पीटा गया। इसी बीच किसी तरह से जेई और अन्य कर्मचारी जान बचाकर गांव से भाग निकले। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बंधक बनाए गए कर्मचारी को छुड़ाया।
गांव पाली पावर में तैनात जेई सुरेश और हरि प्रकाश ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव धारण में कुछ लोग चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे हैं। इसके बाद वह असिस्टेंट लाइनमैन जितेंद्र, राजेश कुमार, हरीश और ड्राइवर अजीत के साथ गांव धारण में मंगलवार को रेड करने पहुंचे। जेई ने बताया कि गांव में ही एक मिठाई की दुकान में बिजली चोरी पकड़ी गई। विभाग की टीम अभी कार्रवाई में लगी ही हुई थी कि कुछ लोग लाठी-डंडे और लोहे की छड़ लेकर आ गए। हमला होता देख बाकी कर्मचारी तो भाग गए, लेकिन असिस्टेंट लाइनमैन राजेश को आरोपियों ने बंधक बना लिया। एक घर में ले जाकर पिटाई की। बिजली कर्मचारियों ने घटना की सूचना डायल-112 पर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।-लाजपत, प्रभारी, थाना बावल
गांव धारण में बिजली चोरी की शिकायत मिली थी। विभागीय टीम कार्रवाई करने के लिए गई थी। इसी दौरान कुछ लोग लाठी-डंडे और लोहे की छड़ लेकर आ गए। असिस्टेंट लाइनमैन को बंधक बना लिया। अन्य कर्मचारी जान बचा कर भागे। फिलहाल पुलिस को शिकायत दी गई है।-
सुरेश, जेई, बिजली निगम