कोसली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल राव ने कई गांवों में घर घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान चलाया और ग्रामीणों से बातचीत की। गांव गाधला में ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश के हालात बहुत बिगड़ चुके हैं। सरेआम हत्या और लूटपाट हो रही है।
गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल मालाओं और पगड़ी बांध कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बुजुर्गों, महिलाओं ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। युवाओं ने उन्हें हर संघर्ष में साथ देने का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेता राहुल राव ने ग्रामीणों द्वारा दिए गए इस सम्मान के लिए उनका दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में पंचायत धन से लबालब भरी थी और पंचायत अपनी मर्जी से विकास करवाती थी, लेकिन आज ई-टेंडरिंग प्रणाली आ गई और सरपंचों पर पाबंदी लगा दी। बीजेपी-जेजेपी सरकार को हकीकत का कोई ज्ञान नही है और प्रदेश गर्त में जा रहा है। इतना नही, प्रदेश के बेरोजगार युवा अपनी डिग्रियों को लेकर सड़कों पर घूम रहे हैं और रोजगार को लेकर परेशान हैं। किसान अपनी मांगों को सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर युवाओं को रोजगार मिलेगा और व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।