रेवाड़ी। शहर के झज्जर चौक स्थित बिजली निगम कार्यालय में लो-वॉल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए निगम की ओर से कैपिस्टर बैंक लगाया जाएगा। इससे अब गर्मियों में आने वाली लो-वोल्टेज की समस्या खत्म हो जाएगी। इस कैपिस्टर बैंक की क्षमता 11 केवी है और पावर हाउस की क्षमता 220 केवी है। वैसे तो 220 केवी का पावर हाउस आबादी के हिसाब के काफी है, लेकिन गर्मियों में पंखा, कूलर व अन्य सामग्री के चलने की वजह से पावर हाउस पर लोड ज्यादा हो जाता है, जिसके कारण लो-वोल्टेज की समस्या पैदा होती है। ऐसे में निगम ने 11 केवी का कैपिस्टर बैंक लगाने का फैसला लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि पावर हाउस पर लोड बढ़ने की स्थिति में यह कैपिस्टर बैंक काफी हद तक मददगार साबित होगा। इससे लोड को नियंत्रित किया जा सकेगा। इससे न केवल आमजन को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति हो सकेगी, बल्कि अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मरों को फुंकने से भी बचाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि यह एक प्रकार का उपकरण है, जिसकी मदद से बिजली के वोल्टेज को नियंत्रित रखा जाता है। इससे बिजली की खपत में भी कमी आती है। यह मुख्य लाइन से आने वाली बिजली को सभी घरों में बराबर से बांटता है। इससे घरेलू उपकरणों को भी लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
गर्मी के मौसम को लेकर बिजली निगम सतर्क
बिजली निगम के लिए गर्मी का मौसम चुनौतिपूर्ण रहता है। गर्मी में लगभग प्रत्येक घर में एसी, कूलर, पंखे व रेफ्रिजरेटर चालू रहते हैं। इसके कारण अचानक बिजली की खपत कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में निगम के उपभोक्ताओं को हर साल लो-वॉल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा था। इसके अलावा ट्रांसफार्मर जलने तथा फाल्ट की समस्या भी बढ़ जाती है। बिजली आपूर्ति के पश्चात भी लो-वोल्टेज के कारण उपभोक्ताओं को उसका लाभ नहीं मिल पाता है। अब हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम की ओर से इसके स्थायी समाधान को लेकर कैपिस्टर बैंक लगाया जाएगा। झज्जर रोड स्थित 220 केवी पावर हाउस में कैपिस्टर बैंक आ चुका है, जिसे अप्रैल से पहले ही लगा दिया जाएगा। जिससे शहर के लोगों को काफी राहत मिलने वाली है।
वर्जन:
पावर हाउस में कैपिस्टर बैंक आ चुका है। इसे अप्रैल से पहले ही लगा दिया जाएगा। इससे शहरवासियों को लो-वॉल्टेज व ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या से राहत मिलेगी। गर्मी को लेकर निगम सतर्क है। अगर कोई और समस्या आएगी तो तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं को बिल्कुल भी परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
- अरुण कुमार, एसएसई निगम रेवाड़ी।