रेवाड़ी। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बिछड़े बच्चों को सकुशल उनके परिजनों से मिलवाया। थाना मॉडल टाउन और चौकी गोकुल गेट की टीमों ने तत्परता दिखाई। एसपी कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार सुबह करीब नौ बजे अभय सिंह चौक पर यातायात पुलिसकर्मियों को एक नाबालिग लड़का अकेला घूमता मिला। उसने बताया कि वह पंजाब का रहने वाला है और परिजनों से नाराज होकर घर से निकला था। उसे थाना मॉडल टाउन पुलिस को सौंपा गया, जिसने शाम करीब पांच बजे उसे परिजनों के सुपुर्द किया। दूसरे मामले में चौकी गोकुल गेट पुलिस ने पंजाबी मार्केट में अकेली घूम रही तीन साल की बच्ची को सुरक्षित लिया। राजस्थान के बांदीकुई से खरीदारी करने आए माता-पिता करीब आधे घंटे में मिल गए। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने भीड़भाड़ वाली जगहों पर बच्चों का ध्यान रखने और भटका बच्चा मिलने पर पुलिस या डायल 112 पर सूचना देने की अपील की।