फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: नए बस स्टैंड का रास्ता साफ, जल्द बनकर होगा तैयार

Thu, 23 Nov 2023 11:34 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
रेवाड़ी के जेसीबी के माध्यम से अवैध हिस्से को ध्वस्त करते हुए। संवाद
विज्ञापन
रेवाड़ी। शहर के सेक्टर-12 स्थित रामगढ़ रोड पर 10 सालों से लंबित 20 एकड़ में बनने वाले नए बस स्टैंड निर्माण का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। वीरवार को भारी पुलिस बल के साथ परिवहन विभाग और अन्य विभाग की टीम ने बचे हुए हिस्से पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। इस दौरान लोगों की ओर से विरोध भी किया गया, मगर मौके पर मौजूद पुलिस बल ने सभी को तितर-बितर कर अपनी कार्रवाई जारी रखी। यहां पहले भी बस स्टैंड की जमीन पर कब्जे करने वालों पर कार्रवाई की गई थी। बता दें कि प्रजापति चौक पर कुछ दुकानदारों ने कोर्ट से स्टे लिया हुआ था जोकि अब कोर्ट का फैसला आ गया ओर बची हुई जमीन को परिवहन विभाग ने अपने कब्जे में ले ली है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस रेवाड़ी का बस स्टैंड फाइव स्टार होगा। रोडवेज जीएम देवदत्त की माने तो सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं। अब जल्द नया बस स्टैंड बनकर तैयार हो जाएगा। तीन एकड़ जमीन पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया जाएगा, इसको शुरू करने के लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है। ऐसे में आखिरकार रेवाड़ी के लोग अब नया बस स्टैंड मिलने की उम्मीद कर सकते हैं।
विज्ञापन

-
2013 में शिलान्यास, मामला हाईकोर्ट में जाने से बनी थी अड़चन

नए बस अड्डे के निर्माण के लिए विभाग पूरी तैयारी में था। इसके लिए जमीन अधिग्रहित करने की दिशा में भी कदम उठाए गए और वर्ष 2012-13 में जमीन का अवॉर्ड भी कर दिया गया। लेकिन इस दौरान हाईकोर्ट में इसके खिलाफ याचिका डाल दी गई। जिसके बाद से यह मामला अटका रहा और आगे नहीं बढ़ा।
तत्कालीन सीएम भूपेंद्र सिंह हुड़्डा ने इसका शिलान्यास भी कर दिया था
वर्ष 2013 में अवॉर्ड के बाद तत्कालीन सीएम भूपेंद्र सिंह हुड़्डा ने इसका शिलान्यास भी कर दिया था। लेकिन न्यायालय में मामला होने के कारण बस अड्डा निर्माण का मामला कुछ दिन ठंडे बस्ते में ही रहा। वहीं, अब कोर्ट ने बस अड्डा के बचे हुए हिस्से पर अपना फैसला परिवहन विभाग के हक में सुनाया है।
विज्ञापन

-
बजट और प्रारूप आना बाकी
बस अड्डे को बनाए जाने की घोषणा बेशक हो चुकी है, लेकिन अभी इसके लिए बजट तय नहीं हो पाया है। अधिकारियों की माने तो इस दिशा में काम चल रहा है। आगे से निर्देश आते ही प्रस्तावित बजट तैयार होगा। बस अड्डा यूं तो आधुनिक रूप लिए होगा, लेकिन अभी इसका पूरा प्रारूप आना बाकी है।

जमा हो जाता है बरसात का पानी, मिलेगी निजात
अभी बस अड्डे पर बारिश के दिनों में बड़ी मुसीबत खड़ी हो जाती है। परिसर में बारिश का पानी जमा हो जाता है। हाल ये हो जाते हैं कि बस अड्डे के अंदर प्रवेश तक कर पाना यात्रियों के लिए परेशानी भरा बना रहता है। नए बस अड्डे का निर्माण इस बात पर विशेष ध्यान देकर किया जाएगा। इसमें पानी निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम लगे होंगे।
-
अभी जाम में फंस जाती हैं बसें, 1300 ऑटो शहर में
वर्तमान में बस अड्डा शहर के बीचों बीच है। शहर की लाइफलाइन सरकुलर रोड पर बस अड्डे के कारण शहर जाम में फंसा रहता है। एक तो यात्री दबाव ज्यादा, उस पर निजी बसें और करीब 1300 ऑटो के कारण हर समय जाम के हालात रहते हैं। बस अड्डे के साथ ही नाईवाली चौक, झज्जर चौक, धारूहेड़ा चुंगी एरिया से निकलना मुश्किल हो जाता है। इसमें रोडवेज बसें फंसकर खड़ी हो जाती हैं तो कभी जाम का खुद भी कारण बनती हैं।



यूं खराब होता है समय, एनएच-352 भी नजदीक आएगा
चाहे महेंद्रगढ़ और नारनौल रूट पर नाईवाली चौक से निकलने की बात हो, या फिर झज्जर-रोहतक के लिए झज्जर चौक होते हुए बस को ले जाने की बात हो, जाम से जूझते हुए सरकुलर रोड पार करने में काफी समय बर्बाद हो जाता है। दिल्ली और गुरुग्राम साइड भी खासी परेशानी रहती है। बस अड्डा शिफ्ट होने से ये परेशानी कम होगी। नए बस अड्डा से एनएच-352 भी महज 4 किलोमीटर दूरी पर होगा।

वर्ष 1973 में बना था मौजूदा बस स्टैंड:

मौजूदा बस स्टैंड वर्ष 1973 में बनकर तैयार हुआ था। इसके बाद से ही डिपो लगातार उपेक्षा का शिकार बना रहा है। बस स्टैंड भीड़ वाले इलाके में स्थित है और इसका भवन जर्जर हो चुका है। बरसात के समय बस स्टैंड के भवन का प्लास्टर तक गिरता रहता है। इसकी व्यापक स्तर पर मरम्मत कराना इसलिए संभव नहीं है कि नए बस स्टैंड को लगभग एक दशक पूर्व मंजूरी मिल चुकी थी। वैसे भी नया बस स्टैंड प्रस्तावित होने के कारण मौजूदा बस स्टैंड भवन का नवीकरण कराना संभव नहीं है।
-
इलेक्ट्रिक बसों के लिए बनेगी चार्जिंग साइट

रेवाड़ी डिपो के लिए 50 इलेक्ट्रिक बसों का आवंटन किया गया है। निकट भविष्य में इन बसों की संख्या 150 तक करने की संभावना है। इसी के मद्देनजर रोडवेज की तरफ से नए बस स्टैंड परिसर में 90 गज जमीन को चार्जिंग स्टेशन के लिए आरक्षित किया है। यहां पर बनने वाली बिल्डिंग में 170 के लगभग चार्जिंग प्वाइंट लगाए जाने की क्षमता तय की गई है। चार्जिंग प्वाइंट के लिए रैकनुमा मशीनें होंगी जिनको ऑन करने के बाद बसों को बिल्डिंग के बाहर खड़ी करके चार्ज किया जाएगा। इससे एक बार में ही रोडवेज की सभी बसों को चार्ज किया जा सकेगा।
-
वर्जन:
शहर के सेक्टर 12 में बनने वाले नए बस स्टैंड की सभी बाधाएं दूर हो गई है। कोर्ट का फैसला आने के बाद बचे हुए हिस्से पर भी तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई है। अब इसके निर्माण को लेकर बजट को लेकर निदेशालय फाइल भेजी जाएगी। उम्मीद है कि इसका निर्माण इसी साल से हो।

- देवदत्त, महाप्रबंधक, परिवहन विभाग रेवाड़ी

रेवाड़ी के जेसीबी के माध्यम से अवैध हिस्से को ध्वस्त करते हुए। संवाद

रेवाड़ी के जेसीबी के माध्यम से अवैध हिस्से को ध्वस्त करते हुए। संवाद

रेवाड़ी के जेसीबी के माध्यम से अवैध हिस्से को ध्वस्त करते हुए। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें