रेवाड़ी। जिले के गांव आशियाकी के निकट से गुजर रही जवाहर लाल नेहरू नहर में पैर फिसलने से एक युवती की मौत हो गई। परिजनों की सूचना के बाद पहुंची गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस ने सर्च के बाद नहर से शव बरामद कर लिया।
चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि गुरूवार की सुबह साढ़े आठ बजे सूचना मिली कि गांव आशियाकी निवासी सुभाष की बेटी रिंकी सुबह नहर के दूसरी ओर स्थित प्लॉट में पशुओं को चारा डालने के लिए गई थी। नहर के निकट से गुजरते समय रिंकी का पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरी। नहर में पानी की मात्रा ज्यादा होने के कारण युवती डूब गई। सूचना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचे। सूचना के बाद गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। करीब ढाई घंटे बाद पुलिस ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नहर से शव बरामद कर लिया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर बीर सिंह ने बताया कि सामान्य कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।