बावल (रेवाड़ी)। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बावल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में वीरवार को अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों का शोषण किया है। वहीं उन्होंने कहा कि जहां तक मुख्यमंत्री बनने का सवाल है तो यह फैसला विधायक दल और पार्टी हाईकमान तय करेगा।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पक्की नौकरी के 2 लाख पद खत्म कर दिए। अग्निवीर योजना लाकर हरियाणा के युवाओं के साथ धोखा किया। कौशल रोजगार निगम के तहत कच्ची भर्ती कर हरियाणा को कच्ची नौकरी की राजधानी बना दिया। प्रदेश में हमारे राज्य के बजाय दूसरे राज्य के लोगों को नौकरियां दी गईं।
पिछले 10 साल में महंगाई ने लोगों की कमर तोड़कर रख दी। भ्रष्टाचार की तो सारी हद ही पार कर दी गई। लोकसभा चुनाव से पहले मनोहर लाल और दुष्यंत चौटाला का गठबंधन टूटा तो दुष्यंत ने कहा था कि वह भाजपा के भ्रष्टाचार के राज खोलेंगे।
अगले ही दिन मनोहर लाल का बयान आया कि वह दुष्यंत के घोटाले की जांच कराएंगे। इससे साफ है कि इन दोनों की जोड़ी ने प्रदेश को लूटने का काम किया। भाजपा सरकार ने हरियाणा में गरीबों को मिलने वाली योजनाएं खत्म करके रख दीं। जो योजनाएं चलाई गईं, उसमें भी बड़ी कटौती की गई।