रेवाड़ी। रेवाड़ी के गढ़ी बोलनी रोड स्थित गांव डवाना की नहर में वीरवार को एक राजमिस्त्री का शव बरामद किया है। वह पिछले 6 दिन से घर से लापता था। उसकी तलाश में परिजन और पुलिस हर संभावित स्थानों पर उसे ढूंढते रहे, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। मॉडल टाउन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शहर के समीप गांव माढै़या निवासी करीब 30 वर्षीय कुलदीप 9 दिसंबर की शाम को घर से शादी में जाने के लिए निकला था। लेकिन इसके बाद वह नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। उसके बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस को शिकायत देकर उसकी गुमशुदगी का केस दर्ज कराया गया।
परिजन और पुलिस 6 दिन तक उसे तलाशते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इस बीच वीरवार दोपहर को मॉडल टाउन थाना पुलिस को सूचना मिली कि गढ़ी बोलनी रोड स्थित डवाना नहर में एक युवक का शव पानी में तैर रहा है। सूचना के बाद पुलिस नहर पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जिसकी पहचान कुलदीप के रूप में की गई।
परिजनों के अनुसार कुलदीप अविवाहित था और राज मिस्त्री का काम करता था। बताया जा रहा है कि 9 दिसंबर की रात कुलदीप ऑटो से दिल्ली रोड पर उतरा और फिर पैदल-पैदल नहर के साथ जा रहा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसी दौरान हादसा हुआ। वहीं पिछले कई दिनों से नहर में पानी नहीं था। दो दिन पहले ही नहर में पानी आया है, जिसकी वजह से शव पानी में बहता हुआ डवाना नहर तक पहुंच गया। हालांकि मॉडल टाउन थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।