फोटो: 12रास्ते पर कब्जा को हटाते बुलडोजर। स्रोत: वीडियो ग्रैप
संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। क्षेत्र में एक कंपनी की ओर से सड़क पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटवा दिया है। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
औद्योगिक कस्बा स्थित गांव खटावली- राजपुरा मार्ग पर एक कंपनी की तरफ से कब्जा कर रास्ते को बंद कर दिया गया था। लोगों ने इसकी शिकायत की थी। इसको गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सड़क से अवैध कब्जे को हटवा दिया। लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की है। बीडीपीओ कविता की अगुवाई में प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची थी। टीम ने रास्ते में बनाई गई कंपनी की दीवार को जेसीबी मशीन से जमींदोज कर दिया। इससे लंबे समय से किया हुआ रास्ते का अतिक्रमण साफ हो गया। इस मौके पर पुलिस बल मौजूद होने के कारण कार्रवाई का विरोध नहीं हुआ। गांव निवासी प्रो. अर्जुन, हिम्मत सिंह ने बताया कि राजस्व मार्ग पर कोई भी कब्जा नहीं कर सकता है। इस रास्ते पर कब्जा होने के कारण जंगली की ढाणी के लोगों को 5 किलोमीटर घूमकर आना पड़ता था। लोगों की समस्या को लेकर पिछले 2 साल से रास्ते से कब्जा हटाने की लड़ाई लड़ रहे थे, जिसमें जिला प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लेते हुए रास्ते को जेसीबी चलाकर खाली करवाया है। कब्जा हटने के बाद लोगों ने भी राहत की सांस ली है।