बावल। कस्बा में शनिवार को कचरा उठवाने गए नपा चेयरमैन के साथ सफाईकर्मियों की नोकझोंक हुई। नपा प्रधान ट्रैक्टर-ट्रॉली व जेसीबी लेकर पहुंचे थे, लेकिन प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने इसका विरोध किया। इसके बाद उन्हें लौटना पड़ा।
नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भी तीन दिन से नगरपालिका परिसर में हड़ताल पर बैठे हुए हैं। इसकी वजह से शहर के मोहल्लों व मुख्य रास्तों पर गंदगी के ढेर लगे हुए है। गंदगी से निजात देने के लिए बावल नगरपालिका के चेयरमैन वीरेंद्र सिंह व नपा कर्मचारी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली व जेसीबी लेकर कूड़े के ढेर को उठवाने के लिए गए। सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा उठाने से चेयरमैन को रोक कर कूड़े के ढेर पर ही खड़े होकर प्रदर्शन करने लग गए। इस दौरान वे चेयरमैन से नोकझोंक करने लगे।
चेयरमैन वीरेंद्र सिंह ने कहा कि गंदगी की वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। सबसे पहले वाल्मीकि बस्ती में ही कूड़ा उठवाने गए थे, लेकिन सूचना पाकर सभी कर्मचारी पहुंच विरोध करने लगे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को कहा कि बावल नगर पालिका में कोई भी सफाई कर्मचारी बाहर से नहीं बुलाया गया है और न ही किसी को भर्ती किया गया है। चेयरमैन ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन तो करते हैं, लेकिन साथ भी शहर वासियों को गंदगी की समस्या से निजात भी दिलाना चाहते हैं। इस अवसर पर विजय सिंह, हीरालाल, रामप्यारी, शीला, बबिता, योगेश, राजबाला व रजनी आदि सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
नगरपालिका कर्मचारी संघ के तत्वाधान में चल रही सफाई कर्मचारीयों की हड़ताल लगातार 11 वें दिन भी जारी रही। धरने की अध्यक्षता करते उपप्रधान रतिश बागड़ी ने बताया कि प्रदेश सरकार के हठधर्मिता रवैये के चलते कर्मचारियों में काफी रोष है। इस अवसर पर प्रधान महेन्द्र कुमार चांवरिया, ईश्वर बोडवाल, ताराचंद, विजयप्रकाश, होशियार, नरेश व अजीत आदि सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।