रेवाड़ी। शहर में अपने घर लौट रही एक महिला के गले से बस में तीन युवतियों ने सोने की चेन तोड़ ली। चेन तोड़ने वाली एक युवती को पीड़िता ने अन्य लोगों की मदद से मौके पर ही काबू कर लिया, जबकि उसकी दो साथी भागने में कामयाब रहीं। चोरी के आरोप में पकड़ी गई युवती फरीदाबाद के गांव मोठूका की रहने वाली सुमन है। भाड़ावास गेट चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सहारनवास की रहने वाली कुसुमलता ने कहा है कि वह वीरवार को अपनी भतीजी दुर्गी के साथ रेवाड़ी बाजार में आई थी। घर लौटते समय वह दोनों नाईवाली चौक पर बस का इंतजार कर रही थी। बस आई तो दोनों सीढ़ियों से बस में चढ़ने लगी। भीड़ होने के कारण तीन युवतियां भी उनके पास खड़ी हो गईं। भीड़ का लाभ उठाकर तीनों युवतियों ने कुसुमलता के गले से सोने की चेन तोड़ ली। कुसुमलता ने युवतियों को रोका तो तीनों बस से उतर कर भागने लगी। महिला ने अन्य यात्रियों की मदद से भाग रही एक युवती को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। युवती की दो साथी तोड़ी गई सोने की चेन लेकर भाग गई। सूचना के बाद भाड़ावास गेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में आरोपी युवती ने अपना नाम फरीदाबाद के गांव मोठूका की रहने वाली सुमन बताया है। पुलिस ने कुसुमलता की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।