संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रामपुरा थाना पुलिस ने बुधवार देर रात बेरली रोड पर चांदावास के निकट राव होटल पर छापा मारकर वहां अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने के आरोप में मालिक समेत 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस ने शराब पीने वालों को भागने का मौका तक नहीं दिया।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात को करीब 1 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि राव होटल पर बड़ी संख्या में लोग शराब पीकर हुड़दंगबाजी कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एक टीम बनाकर होटल पर छापा मारा। वहां काफी लोग शराब पी रहे थे। पुलिस ने सबसे पहले होटल मालिक से शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा। लाइसेंस नहीं दिखाने पर उसे गिरफ्तार कर किया गया। इसके बाद पुलिस ने शराब पीकर हुड़दंगबाजी करने के आरोप में 13 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें होटल मालिक चांदावास निवासी सचिन यादव भी शामिल है। सभी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।