संवाद न्यूज एजेंसी
डहीना। गांव सीहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मतदाता साक्षरता क्लब तथा नीलगिरि सदन के संयुक्त तत्वावधान में हरियाणवी नाटक ''वोट घणी सै कीमती'' का मंचन किया गया।
साहित्यकार एवं प्राचार्य सत्यवीर नाहड़िया द्वारा लिखित और कला अध्यापिका लक्ष्मी यादव द्वारा निर्देशित इस नाटक में क्षेत्र की सैन्य संस्कृति, लोक संस्कृति और लोकतंत्र में वोट के महत्व को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है। विद्यार्थियों के अलावा युवा चेतना संगठन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस मंचन के बाद 25 मई को ज्यादा से ज्यादा मतदान करवाने का संकल्प लिया। नाटक में छात्रा यक्षरा, क्षमा, मुस्कान, दीपिका और प्रिया ने केंद्रीय भूमिका निभाई।
विद्यालय के स्टाफ सचिव ने 25 मई को उंगली पर लगी नीली स्याही के साथ सेल्फी अपलोड करने की प्रक्रिया बताई। जिलास्तरीय लकी ड्रॉ पुरस्कारों के बारे में बताया। मतदाता जागरूकता अभियान से जुड़े वोकेशनल टीचर प्रदीप चौहान ने कहा कि अगले सप्ताह गांव में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को युवा चेतना संगठन के प्रधान नरेश भारद्वाज तथा महासचिव प्रदीप यादव ने पुरस्कृत किया। मंचन के समापन पर सभी विद्यार्थियों को जिला निर्वाचन विभाग द्वारा भेजे गए पोस्टर एवं पंफलेट वितरित किए गए तथा क्लब की ओर से अगले सप्ताह मतदाता जागरूकता प्रश्नोत्तरी करवाने का निर्णय लिया गया। क्लब के अध्यक्ष तथा स्टाफ सचिव यशपाल आर्य ने सभी का आभार व्यक्त किया।