रेवाड़ी। जिले में चोरों का आतंक बढ़ रहा है। चोर गांव खोल व निमोठ में खड़ी नौ स्कूल बसों से बैटरियां चोरी कर ले गए। सुबह चालक बस लेकर जाने लगे तो बैटरियां चोरी होने का पता लगा। खोल गांव में चोरी करते समय एक टेंपो चालक की नींद खुल गई। चोर चालक को देख कर कार में फरार हो गए। बस चालकों ने पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव निमोठ के रहने वाले पंकज ने कहा है कि वह डहीना स्थित एक निजी स्कूल की बस चलाते हैं। उन्होंने शाम को बस घर के सामने खड़ी थी। सुबह वह बस लेकर चलने लगे तो स्टार्ट नहीं हुई। जांच करने पर बस की बैटरी गायब मिली। चोर उनके भाई अशोक कुमार की स्कूल बस व पड़ोसी मुकेश की स्कूल बस की बैटरियां भी चोरी कर ले गए। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। इसी क्रम में गांव निमोठ के रहने वाले रतीश ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह कुंड से डहीना के बीच बस चलाते हैं। रात करीब आठ बजे उन्होंने बस निमोठ बस स्टॉप पर खड़ी की थी। अगले दिन वह बस लेकर जाने लगे तो स्टार्ट नहीं हुई। चोर बस की दो बैटरियां चोरी कर ले गए। चोर रात को गांव निमोठ के रहने वाले हरपाल की स्कूल बस की भी एक बैटरी चोरी कर ले गए।
दूसरी ओर गांव खोल के रहने वाले दाताराम ने अपनी स्कूल बस रात को घर के निकट खाली प्लॉट में खड़ी की हुई थी। चोर उनकी बस की बैटरी चोरी कर ले गए। गांव खोल के रहने वाले बिजेंद्र सिंह की बस की बैटरी भी चोरी हुई है। सुबह चोरी का पता लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। खोल थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्विफ्ट कार में आए थे चोर
बैटरी चोरी करने वाले आरोपी स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे। पुलिस को दी शिकायत में गांव खोल के रहने वाले रामपाल ने कहा है कि उन्होंने दो मार्च की रात अपना टेंपो घर के सामने खड़ा किया हुआ था। रात करीब डेढ़ बजे वह उठे तो टेंपो के पास कुछ लोग दिखाई दिए। वह मौके पर पहुंचे तो एक आदमी भागते हुए वहीं खड़ी स्विफ्ट कार में सवार होकर भाग गया। उन्होंने जांच की तो टेंपो की बैटरी गायब थी। चोर गांव के ही रहने वाले राजेंद्र सिंह की स्कूल बस की बैटरी भी चोरी कर ले गए। सूचना के बाद रात को खोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चोरों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया।