रेवाड़ी। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय। संवाद
रेवाड़ी। जिलेभर के राजकीय स्कूलों में प्राइमरी कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी सरल तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरिक (एफएलएन) के जरिये निपुण हरियाणा कार्यक्रम की शुरूआत करेगा। फिलहाल कार्यक्रम को लेकर विभाग की ओर से शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।
खास बात यह कि ट्रेनिंग लेने वाले शिक्षकों को पहली बार क्यूआर कोड के माध्यम से अपनी हाजिरी देनी होगी। वहीं गुरुजी यह ट्रेनिंग टैबलेट के माध्यम से ऑनलाइन लेंगे। इतना ही नहीं शिक्षकों का ट्रेनिंग के दौरान मूल्यांकन भी होगा। शिक्षकों को ट्रेनिंग के दौरान दैनिक उपस्थिति के साथ ही प्री और पोस्ट टेस्ट भी निपुण हरियाणा टीचर एप के माध्यम से देने होंगे।
निपुण हरियाणा मिशन के जरिए शिक्षकों को चार दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम से कक्षाओं में नई शिक्षण विधियों, शिक्षण सामग्री का प्रयोग भी बढ़ा है। इसी को लेकर अब शिक्षकों को शब्दावली शिक्षण और प्रवाहशील पढ़ाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। बालवाटिका से लेकर कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों को गुरुजी खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाएंगे। इसके लिए निदेशालय नये-नये प्रयोग कर रहा है। अब पीआरटी शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
दूसरी तरफ निपुण हरियाणा मिशन के तहत चल रहे एफएलएन यानी बुनियादी साक्षरता एवं भाषीय ज्ञान को लेकर कक्षा चौथी और पांचवीं को भी शामिल किया जाएगा। इससे पहले तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलता था, लेकिन अब विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के तहत पढ़ाया जाएगा। विद्यार्थियों को नई नीति के तहत कैसे पढ़ाना है। इसके लिए विभाग अध्यापकों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
वर्जन
विभाग की ओर से विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को लेकर समय-समय पर कवायद की जाती है। इसके लिए फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरिक (एफएलएन) के जरिये अब शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इस कार्यक्रम का अभी शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।- चरण सिंह, जिला कोऑर्डिनेटर, एफएलएन रेवाड़ीऑनलाइन टैबलेट के माध्यम से गुरुजी लेंगे एफएलएन के तहत ट्रेनिंग