रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग की तरफ से राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, चुनावी प्रक्रिया तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक पात्र नागरिक का यह संवैधानिक दायित्व है कि वह स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मत का प्रयोग करे। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाए तथा समाज में जागरूकता का संदेश फैलाएं।