रेवाड़ी। जिला मुख्यालय सहित कोसली, बावल एवं धारूहेड़ा में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पोलियो जागरूकता रैली निकाली। रैली विद्यालयों से शुरू हुई तथा पोलियो को जड़ से मिटाने के नारे लगाती हुई मुख्य बाजारों व गलियों से होती हुई सामान्य अस्पताल परिसर पहुंची। सभी विद्यार्थियों के हाथों में पट्टियां तथा पोलियो बैनर थे। इसमें विभिन्न स्कूलों के लगभग 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सिविल सर्जन डाॅ. सुरेन्द्र यादव ने बताया कि रविवार 3 मार्च को विशेष पोलियो अभियान के दिन 0 से 5 साल तक के सभी बच्चों को बूथ पर पोलियो ड्राप्स पिलाई जाएगी तथा 4 व 5 मार्च को घर-घर व झुग्गी-झोपड़ियों, ईंट-भट्ठों, अर्बन स्लम में जाकर पल्स पोलियो कि खुराक पिलाई जाएगी। प्रयास रहेगा कि कोई भी बच्चा बिना खुराक लिए न रहे और पोलियो का संपूर्ण खात्मा किया जा सके। इस अवसर पर सिविल सर्जन ने बताया कि जिले भर में 784 टीमें अलग अलग स्थानों पर पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगी व 95,476 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. अशोक कुमार, रोटरी क्लब मेन से हरवेश यादव, रोटरी सिटी से डाॅ. करतार सिंह यादव, एडवोकेट सुनील भारद्वाज, रविंद्र यादव, सुधीर यादव, भारत भूषण व स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।